देकुली महोत्सव में कलाकारों ने बांधा समां: शास्त्रीय संगीत व लोक कलाओं की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध,
शिवहर:जिले के ऐतिहासिक देकुली धाम परिसर में बुधवार को 'देकुली महोत्सव' के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में कला एवं संस्कृति की विविध विधाओं का ऐसा शानदार और मनमोहक प्रदर्शन हुआ, जिसने उपस्थित हजारों दर्शकों को पूरी तरह से मंत्रमुग्ध कर दिया।इस सांस्कृतिक संध्या में कला जगत के मंझे हुए दिग्गज कलाकारों के साथ-साथ शिवहर की स्थानीय प्रतिभाओं ने भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया। विशेष रूप से 'आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, शिवहर' के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए शास्त्रीय संगीत, पारंपरिक नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध कलाकार मौसम राजा एवं अशोक अलबेला सहित अन्य नामचीन कलाकारों ने मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनके गीतों और कला प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कलाकारों की हर प्रस्तुति पर उपस्थित कला प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका जोरदार उत्साहवर्धन किया।इस देकुली महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिवहर जिले की समृद्ध लोक कला, संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और युवा पीढ़ी को इसके प्रति प्रोत्साहित करना था। महोत्सव के मंच से लोक कलाओं को बढ़ावा देने का एक सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, गणमान्य नागरिक एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे। दर्शकों ने देर रात तक इन मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और इस आयोजन को ऐतिहासिक व सफल बताया।