#भरतपुर। बयाना उपखंड क्षेत्र की थानाडांग-गऊघाट रोड पर गंभीर नदी पर बन रही पुलिया के निर्माण कार्य को लेकर सोमवार दोपहर ग्रामीणों और युवाओं ने जमकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौके पर जुटे लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसकी कम ऊंचाई पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारी लागत कम करने के चक्कर में घटिया सामग्री का उपयोग कर रहे हैं और तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यह पुलिया करीब दो दर्जन गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग है और इसकी ऊंचाई कम होने से बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ते ही रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे काम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। दूसरी ओर, पीडब्ल्यूडी के एईएन रामावतार गुर्जर ने कहा कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वे जल्द ही मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य को तय मानकों के अनुसार ही पूरा करवाएंगे।