अवैध शराब की शिकायत के बाद कार्रवाई, डोकाकुई में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया
कन्नौद के ग्राम डोकाकुई में ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम डोकाकुई निवासी अनुराग और संदीप द्वारा शासकीय भूमि पर दुकान का निर्माण कर कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई थी। प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को हटाया और शासकीय भूमि को कब्जे से मुक्त कराया।
अवैध मदिरा बिक्री की भी हुई थी शिकायत
कार्रवाई से कुछ दिन पहले डोकाकुई के ग्रामीणों और युवाओं ने गांव में कथित अवैध शराब के संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर एसडीएम और थाना प्रभारी के नाम तहसीलदार अवधेश यादव को ज्ञापन सौंपा था।
ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरा का संग्रहण और बिक्री की जा रही है, जिससे गांव के माहौल पर असर पड़ रहा है। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर कार्रवाई की।
शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर सख्ती
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब शासकीय भूमि पर किए गए अन्य अतिक्रमणों और शिकायतों पर भी कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों की नजर रहेगी। प्रशासन ने कहा है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा अथवा अन्य अवैध गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
अब सवाल यह है कि ग्रामीणों द्वारा की गई अवैध मदिरा बिक्री की शिकायत पर आगे क्या कार्रवाई होती है और गांव में ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगती है या नहीं।