➡️ शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर में नवीनीकृत वाचनालय 'अध्ययन दीर्घा' का भव्य शुभारंभ
➡️ विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने किया वाचनालय का उद्घाटन एवं वृक्षारोपण
पं दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय की लाइब्रेरी में नवनिर्मित अत्याधुनिक अध्ययन दीर्घा (वाचनालय) एवं नवीनीकृत प्राचार्य कक्ष का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने फीता काटकर सर्वसुविधायुक्त वाचनालय छात्र-छात्राओं को समर्पित किया। इस दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने की। इस गौरवमयी अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग सागर संभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे, ओएसडी रामकुमार गोस्वामी तथा मप्र हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष व देशबंधु समूह के संपादक पलाश सुरजन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इन शीर्ष विचारकों व शिक्षाविदों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष वैचारिक गरिमा प्रदान की।
➡️ महापुरुषों को नमन, आत्मीय स्वागत और पुस्तक भेंट
कार्यक्रम के शुभारंभ में विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद अतिथियों ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया, वहीं विधायक जैन ने छात्रों के अध्ययन हेतु पुस्तकों का एक सेट महाविद्यालय को भेंट किया।
➡️ विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान: विधायक शैलेंद्र जैन
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र जैन ने शिक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि एक समृद्ध पुस्तकालय और शांत वातावरण ही किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक आत्मा होते हैं। आज के इस डिजिटल युग में विद्यार्थियों को एकाग्रता के साथ पढ़ने के लिए एक बेहतर माहौल की सबसे ज्यादा आवश्यकता है, जिसे यह नई अध्ययन दीर्घा पूरी तरह साकार करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सागर के युवा इस वाचनालय का भरपूर लाभ उठाएंगे और यह स्थान केवल किताबें पढ़ने का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के बड़े सपनों को उड़ान देने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
➡️ 'वन नेशन वन सब्स्क्रिप्शन' से लैस हुई डिजिटल लाइब्रेरी
कार्यक्रम के अगले चरण में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने महाविद्यालय की इस नई उपलब्धि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी को विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में लाइब्रेरियन संतोष सेन के सहयोग से लगातार प्रयास चल रहा है। लाइब्रेरी का पूर्ण रूप से ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑटोमेशन किया जा चुका है। इसके साथ ही पुस्तकालय की एक पृथक वेबसाइट भी विकसित की गई है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को ई-पुस्तकों, ऑनलाइन जर्नल और ओपेक जैसी डिजिटल सुविधाएं घर बैठे मिलेंगी।इसी के साथ कॉलेज की लाइब्रेरी को भारत सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना 'वन नेशन वन सब्स्क्रिप्शन' से भी सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया है, जिससे अब छात्रों को अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय रिसर्च जर्नल और पत्र-पत्रिकाओं का सीधा डिजिटल एक्सेस मिलना शुरू हो गया है। इससे छात्रों व शोधार्थियों को करीब 13 हजार अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय रिसर्च जर्नल और उच्च गुणवत्ता वाले ई-संसाधनों तक ऑनलाइन पहुँच उपलब्ध हो गई है, जिसका सीधा फायदा प्रतियोगी परीक्षाओं (UPSC, MPPSC) और शोध कार्य की तैयारियों में मिलना शुरू हो गया है।
इस विशेष अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के छात्र एवं छात्रा इकाई के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई।
➡️ गौरवमयी पल के साक्षी बने कॉलेज के प्राध्यापक और छात्र
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए महाविद्यालय का स्टाफ और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी और वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गोपा जैन ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. विनय शर्मा, डॉ. अमर कुमार जैन, डॉ. संगीता मुखर्जी, डॉ. प्रतिभा जैन, डॉ. संदीप सबलोक, डॉ राणा कुंजर सिंह, डॉ. नीलम सिंह, डॉ. प्रज्ञा दुबे, डॉ. अंकुर गौतम, डॉ. प्रकाश कुशवाहा, अवधेश प्रताप सिंह और डॉ. शैलेंद्र राजपूत, सुरेन्द्र यादव, क्रीड़ा अधिकारी दयाराम सिंह राजपूत, अरुण विनायक, वीनू राणा, आशीष ज्योतिषी, महेश श्रीवास्तव सहित सभी विभागों के शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और जागरूक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने इस नई सुविधा के शुरू होने पर अपार हर्ष व्यक्त किया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
5 views | Sagar, Madhya Pradesh | Jul 11, 2026