गैस एजेंसी के कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 375 सिलेंडर ब्लास्ट होने से बचे
भरवाड़ा न्यूज:- सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा स्थित असजद रजा भारत गैस एजेंसी के कार्यालय में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कार्यालय के बगल में स्थित गोदाम में करीब 375 गैस सिलेंडर रखे थे। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। आग गोदाम तक पहुंचती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच के बाद लौट गई।
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह गैस की डिलीवरी करने वाले कर्मी एजेंसी पहुंचे। इसी दौरान उन्हें कार्यालय से धुआं निकलता दिखाई दिया और जलने की दुर्गंध महसूस हुई। कर्मी ने तत्काल इसकी सूचना एजेंसी संचालक को दी। इसके बाद एजेंसी में मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बाद में फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से रोक लिया गया।
एजेंसी से जुड़े मोहम्मद सत्तार खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। हादसे में कार्यालय में रखे कागजात, लैपटॉप, बैटरी और अन्य सामान जल गए हैं। इससे काफी नुकसान हुआ है।
मोहम्मद इतलाक खान ने बताया कि सुबह एजेंसी पहुंचने पर कार्यालय से धुआं निकलता देखा गया। तत्काल आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आसपास के लोगों ने भी तत्परता दिखाई तथा डायल-112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यालय के ठीक बगल में गैस सिलेंडरों का गोदाम है, जिसमें करीब 375 सिलेंडर रखे हुए थे। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से सिलेंडर सुरक्षित बच गए।
उन्होंने कहा कि यदि आग गोदाम तक पहुंच जाती और सिलेंडरों में आग लग जाती तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। आसपास के इलाके में भी इसका बड़ा असर पड़ सकता था। हालांकि, लोगों और एजेंसी कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने नहीं दिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना डायल-112 को दी गई थी। सूचना पर पहुंची टीम ने मौके की जांच की और आवश्यक जानकारी लेने के बाद लौट गई। आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण कागजात, लैपटॉप, बैटरी सहित अन्य सामान के जलने की बात सामने आई है।
अब्दुल सत्तार खान ने बताया कि असजद रजा भारत गैस एजेंसी के कार्यालय में आग लगी थी। समय पर जानकारी मिलने और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू किए जाने से गोदाम में रखे 375 गैस सिलेंडर सुरक्षित बच गए। घटना के बाद एजेंसी और आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही।