जाले के बसंत गांव में एक 70 साल की बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय जीवछ राय की पत्नी पवित्री देवी के रूप में हुई है। वह घर में अकेली रहती थीं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पवित्री देवी के दो बेटे मिथलेश कुमार और अवधेश कुमार, और एक बेटी पुष्पा कुमारी हैं, जो रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं। घटना के समय घर में उनके अलावा कोई और मौजूद नहीं था। वार्ड के लोगों के मुताबिक, महिला के शरीर पर चाकू से कई वार के निशान मिले हैं। पेट और सीने के आसपास भी चाकू से हमला किया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा के डीएमसीएच भेज दिया है।
सदर टू कमतौल के एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।