प्रेस विज्ञप्ति
नागरिक सुरक्षा के तहत हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉक अभ्यास की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
आरा, भोजपुर, 24 नवंबर 2026। जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेष कुमार मीणा की अध्यक्षता में आज नागरिक सुरक्षा के अंतर्गत हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉक अभ्यास की तैयारियों से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉक अभ्यास की आवश्यकता, उद्देश्य तथा वर्तमान परिस्थितियों में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की गई। संभावित आपात स्थिति में प्रशासनिक तत्परता, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय एवं नागरिकों की जागरूकता बढ़ाने में ऐसे अभ्यास की भूमिका पर बल दिया गया।
बैठक के दौरान अपर समाहर्त्ता, आपदा प्रबंधन द्वारा वीडियो के माध्यम से प्रस्तुति दी गई। इसमें हवाई हमले एवं ब्लैकआउट जैसी परिस्थिति से निपटने के लिए अभ्यास की कमान संरचना, क्षेत्रीय प्रशासन, आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों, आवश्यक सेवाओं एवं सहयोगी विभागों की भूमिका और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अभ्यास से पूर्व की जाने वाली तैयारियों तथा आपात स्थिति में अपेक्षित कार्रवाई के संबंध में भी बताया गया।
जिला पदाधिकारी ने मॉक अभ्यास के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने तथा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्व से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारियों को विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए अपनी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारी करने को कहा गया, ताकि अभ्यास का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन हो सके।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों को भी मॉक अभ्यास के संबंध में पूर्व सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि वे अभ्यास के उद्देश्य एवं प्रक्रिया से अवगत रहें तथा इसके संचालन में सहयोग कर सकें। अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों एवं विभागीय समन्वय को परखने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्त्ता, आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी, आरा सदर, होमगार्ड कमांडेंट, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Arrah, Bhojpur | Nov 24, 2026