मांझी के रामघाट पर विकास की नई सौगात, सवा आठ करोड़ की लागत से बने अटल घाट का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
25 दिसंबर को सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी अटल जयंती, अटल घाट का जयप्रभा सेतु तक होगा विस्तार, मांझी से डुमाइगढ़ तक बनेगा मरीन ड्राइव
मांझी (सारण)। मांझी के ऐतिहासिक रामघाट पर गुरुवार को विकास का नया अध्याय जुड़ गया। नमामि गंगे परियोजना के तहत लगभग सवा आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल घाट का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि अब प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को रामघाट पर सरकारी स्तर पर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने अटल घाट का विस्तार जयप्रभा सेतु तक करने तथा मांझी से डुमाइगढ़ घाट तक मरीन ड्राइव बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही रामघाट पर एसडीआरएफ की टीम की स्थायी तैनाती और कृषि योग्य भूमि से जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का उपस्थित हजारों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
इससे पहले सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल एवं विधायक रणधीर सिंह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगें रखी थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की जय, सियावर रामचंद्र की जय और अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें के गगनभेदी नारों से हुई। पूरे रामघाट परिसर को फूलों और भगवा रंग के भव्य पंडाल से सजाया गया था। छपरा के सीपीएस विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के साथ हुआ।
मुख्यमंत्री के आगमन पर एनडीए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-माला, अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल घाट केवल एक घाट नहीं, बल्कि मांझी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की आस्था, संस्कृति और विकास का प्रतीक बनेगा। अटल बिहारी वाजपेयी के विचार और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासपरक सोच आज भी बिहार सहित पूरे देश को दिशा दे रही है। यहां स्थापित प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, समाजसेवा और आध्यात्मिक मूल्यों की प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार विकास के हर क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। घाटों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का निर्माण और आम लोगों के लिए जनसुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। रामघाट के विकसित होने से छठ पूजा सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी एवं बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह, केदारनाथ सिंह, छोटी कुमारी, जनक सिंह तथा विधान पार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव सहित मांझी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद विजया देवी, उपमुख्य पार्षद नीतू सिंह, एनडीए के कई वरिष्ठ नेता एवं जिले के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से मांझी क्षेत्र में विकास, पर्यटन और धार्मिक सुविधाओं के विस्तार की नई उम्मीद जगी है।
Rahui, Nalanda | Nov 13, 2026