राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर श्रीमती कुमारी पूनम, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों, विभागीय दायित्वों तथा आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। अभियान के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक भोजन, बच्चों के उचित शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा बेहतर पोषण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आहार विविधता, बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन, पोषण एवं प्रारंभिक विकास तथा जन-जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पोषण माह के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन तक संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व का संदेश पहुंचाया जा सके। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। अभियान के माध्यम से शेखपुरा जिले में पोषण संबंधी व्यवहार परिवर्तन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक पोषण अभियान, जेंडर स्पेशलिस्ट, सभी महिला पर्यवेक्षिका, सहयोगी संस्था आईडीएफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Apna Sheikhpura
ICDS Directorate Bihar
2 views | Sheikhpura, Bihar | Sep 9, 2026