कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तहसील कोलारस के ग्राम अनंतपुर में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने के मामले में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से स्थापित प्रतिमा को हटाकर शासकीय अभिरक्षा में ले लिया गया है। साथ ही मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
ग्राम अनंतपुर में कुछ व्यक्तियों द्वारा गतदिवस देर रात बिना सक्षम अनुमति के ग्राम की आम निस्तार हेतु आरक्षित शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी।
एसडीएम कोलारस ने बताया कि इस प्रकार की घटना से क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई है।
प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को हटाकर सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया है। इस प्रकरण में संलिप्त एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है। शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अतिक्रमण अथवा बिना अनुमति निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
233 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Jun 19, 2026