जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा अष्टमी के अवसर पर बेतिया शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का किया निरीक्षण।
सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का लिया जायजा।
दुर्गा पूजा (दशहरा) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज दुर्गा पूजा अष्टमी के अवसर पर जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, श्री तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, श्री कुमार गौतम ने बेतिया शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों एवं पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने गैस लाल चौक, उत्तरवारी पोखरा, द्वारदेवी चौक, पावर हाउस चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा स्थलों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना है कि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो तथा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो।
उन्होंने पूजा आयोजकों को निर्देश दिया कि पंडालों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता तथा अन्य आवश्यक इंतजामों पर विशेष ध्यान दें। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क एवं तैयार रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौतम ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें और पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, श्री विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाएं तथा पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
Samrat Choudhary
#Navshakti
#DurgaPooja2026
#NariShaktiBiharKiPragati
#samratchoudhary
#CMSamrat
2 views | West Champaran, Bihar | Oct 18, 2026