श्रीनगर की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। नगर निगम के निर्दलीय पार्षद विकास चौहान, पूजा बर्त्वाल सहित कई लोग ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दोनों पार्षदों और लोगों को अपने हाथों से कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
दोनों पार्षदों और कई लोगों के कांग्रेस में शामिल होने के बाद श्रीनगर की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसे कांग्रेस की ओर से भाजपा के बाद किया गया बड़ा सियासी दांव माना जा रहा है। हाल के दिनों में श्रीनगर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हुई हैं और ऐसे में दो निर्दलीय पार्षदों का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्षदों ने पार्टी की नीतियों और नेतृत्व में विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत करने के साथ ही नगर क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दोनों पार्षदों और कई लोगों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर मजबूती से जनता के बीच काम कर रही है।
विकास चौहान और पूजा बर्त्वाल के कांग्रेस में शामिल होने से श्रीनगर के राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ने की संभावना है। आने वाले समय में यह बदलाव श्रीनगर की राजनीति में किस तरह का नया समीकरण तैयार करता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।