केंद्र से मिले धन का भी सही उपयोग नहीं कर पा रही कांग्रेस सरकार : अनुराग ठाकुर
नैना देवी में अनुराग ठाकुर का शक्ति प्रदर्शन, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को किया सम्मानित, कांग्रेस सरकार पर बोला तीखा हमला
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर के श्री नैना देवी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान विधायक रणधीर शर्मा, नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक शर्मा, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्री नैना देवी स्थित मातृ सदन यात्री निवास में आयोजित समारोह में सांसद अनुराग ठाकुर ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर परिषद के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों को जनसेवा के प्रति समर्पण और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।
अपने संबोधन में सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनावों से पहले दी गई 10 गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार सहित कई प्रमुख वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र से मिलने वाली विकास निधि का भी पूरा उपयोग नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के हितों के बजाय राजनीतिक गतिविधियों में अधिक व्यस्त है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता को यह बताना चाहिए कि प्रदेश के विकास के लिए मिलने वाले संसाधनों का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हुई है और प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है।
अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस ने पंचायत चुनाव टालने का प्रयास किया, लेकिन न्यायालय के निर्देशों के बाद चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विदाई में ही हिमाचल की अब भलाई है।