खेरवाड़ा 24 अगस्त 2026
अपनी मांगों के समर्थन में 24-25-26
अगस्त के पोषाहार पकाने के बहिष्कार और पड़ाव के क्रम में कुक कम हेल्पर संघर्षं समिति के आह्वान पर खेरवाड़ा, केसरिया जी और नयागांव के सभी स्कूलों में कार्यरत कुक कम हेल्पर ने पोषाहार पकाने का बहिष्कार किया। सीबीईओ कार्यालय खेरवाड़ा के बाहर पड़ाव डाला तथा अपनी मांगों के समर्थन में रेली निकाली तथा उपखंड अधिकारी के मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
क्षेत्र के सभी कुक सुबह से ही पंचायत समिति के बाहर पड़ाव स्थल पर जुटना शुरू हो गए वही पड़ाव स्थल पर हुई सभा में सभी कुक ने अपने-अपने स्कूल की समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया तथा एक साल से दूध गर्म करने का तथा 5 माह से पोषाहार पकाने का मानदेय नहीं मिलने पर आक्रोश जताया।
सभा के बाद जुलूस निकाला जो बस स्टैंड पुलिस थाना, होता हुआ उपखंड कार्यालय पहुंचा जहां जोरदार प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारी के मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देने के बाद सभी कुक पुनः जुलूस के रूप में रवाना हुए जो एमबीसी, जवास बस स्टैंड, मोचीवाड़ा, पुराना बस स्टैंड होते हुए पुनः पड़ाव स्थल पर पहुंचे ।
जुलूस में सभी कुक कम हेल्पर को स्थाई करो , कुक को सतसठ रुपया दैनिक मजदूरी देकर वेट बेगार कराना बंद करो, 25 साल से सेवा दे रहे कुक को स्थाई करो, सभी कुक का बीमा करो, सभी को पेंशन और ग्रेच्युटी दो, हम भी इंसान हैं हमसे वेट बेकार करना बंद करो, अभी तो यह अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है, हम नहीं किसी से भीख मांगते हम हमारा हक मांगते, लड़ेंगे जीतेंगे, आदि लगाते हुए दो-दो की कतार में चल रहे थे।
उपखंड अधिकारी के मार्फत सरकार को भेजे ज्ञापन में कुक कम हेल्पर को केरल की तरह 13500 रुपया मासिक वेतन देने, सभी कुक कम हेल्पर को नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और वर्दी देने, प्रत्येक 50 विद्यार्थियों पर एक कुक लगाने, कुक कम हेल्पर का वेतन हर माह बैंक खाते में डीबीटी से जमा कराने, वर्तमान में सेवारत कुक कम हेल्परों को स्थाई करने, सभी कुक को पेंशन व ग्रेच्युटी देने, पंजाब की तरह राजस्थान के कुक कम हेल्परों को भी 180 दिन का सवेतनिक प्रसूति अवकाश, 20 दिन का आकस्मिक अवकाश और 10 दिन मेडिकल अवकाश देने, बाल गोपाल योजना के अंतर्गत दूध गरम करने का वेतन बढ़ाने, राजस्थान पार्ट टाइम कान्ट्रेक्चुअल हायरिंग रूल 2023 लागू कर कुक कम हेल्परों की नियुक्ति देने, 45वी इंडियन लेबर कांफ्रेंस के प्रस्ताव को लागू कर कुक कम हेल्पर को मजदूर की मान्यता देने, हिमाचल प्रदेश के हाई कोर्ट के आदेश अनुसार राजस्थान के कुक कम हेल्पर के छुट्टियों का वेतन न काट कर 12 माह का वेतन देने, कुक कम हेल्पर से पोषाहार पकाने के अलावा बाथरूम और कमरो की साफ सफाई कराने, झाड़ू लगाने, स्कूल के ताले खोलने और लगाने, शिक्षकों की सेवा करने जैसे अतिरिक्त काम का अतिरिक्त भुगतान कराने, सभी कुक का बीमा कराने, किसी भी सरकारी स्कूल को बंद करने पर रोक लगाने, जर्जर भवनों के लिए तत्काल बजट आवंटित करने की मांग की।
पड़ाव और जुलूस में जनवादी, मजदूर यूनियन खेरवाड़ा, केसरिया जी पदाधिकारी के साथ संरक्षक डी एस पालीवाल तथा मजदूर किसान हक संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।