झुमरी तिलैया में जर्जर भवनों की जांच व कार्रवाई की मांग, उपायुक्त को सौंपा आवेदन
दिल्ली में मकान गिरने की घटना के बाद झुमरी तिलैया शहर में भी जर्जर भवनों को लेकर चिंता जताई गई है। शहर निवासी सुमन सोनकर ने बुधवार को 12 बजे कोडरमा उपायुक्त को आवेदन देकर शहर के अति जर्जर भवनों की जांच कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि झंडा चौक के समीप सीएच का भवन, रतन लाल जी की किराना दुकान वाला भवन, स्टेशन रोड स्थित जेसीसी कार्यालय वाला भवन, पुराने सीडी स्कूल के सामने टिबड़ेवाल धर्मशाला, बिहार नेशनल होटल के सामने सुरेश जैन का मकान तथा बस स्टैंड के समीप कई भवन काफी जर्जर स्थिति में हैं।
आवेदनकर्ता ने आशंका जताई है कि इन जर्जर भवनों के गिरने से कभी भी जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने उपायुक्त से सभी ऐसे भवनों की जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी कोडरमा, नगर परिषद झुमरी तिलैया के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अध्यक्ष तथा झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को भी भेजी गई है।