भभुआ-कुदरा मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते राजीव इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राएं।
परिणाम से नाराज हैं। बीडीओ और थाना प्रभारी ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
राजीव इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, ढाई घंटे तक भभुआ-कुदरा मार्ग जाम
कैमूर राजीव इंस्टीट्यूट बीएससी नर्सिंग एवं फार्मेसी के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को ओदार गांव के समीप भभुआ-कुदरा मुख्य मार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने करीब *ढाई घंटे तक सड़क जाम कर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के कारण भभुआ-कुदरा मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में *बीडीओ और सोनहन थाना प्रभारी* के हस्तक्षेप के बाद छात्रों ने जाम समाप्त किया।
छात्रों की मुख्य मांगें छात्रों ने परीक्षा परिणाम को लेकर कॉपी की पुनः जांच, पुनर्मूल्यांकन अथवा पुनः परीक्षा का विकल्प देने की मांग की। साथ ही इसके लिए छात्रों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने की मांग की गई। छात्रों ने आगे की परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की भी मांग रखी।
छात्रों ने प्रशासन से आंदोलन में शामिल किसी भी विद्यार्थी के खिलाफ कॉलेज या पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं करने की मांग की। उन्होंने किसी प्रकार का दंड या जुर्माना नहीं लगाने की भी अपील की। छात्रों ने अपने प्रदर्शन को परीक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए किया गया शांतिपूर्ण आंदोलन बताया।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि हाल ही में जारी परीक्षा परिणाम उनके वास्तविक प्रदर्शन के अनुरूप नहीं हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि नामांकन के समय कॉलेज के काउंसलर की ओर से शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर कई आश्वासन दिए गए थे, लेकिन बाद में उन वादों के अनुरूप व्यवस्था नहीं की गई। परीक्षा परिणाम समेत अन्य शैक्षणिक समस्याओं को लेकर छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
Mohania, Kaimur | Aug 22, 2026