कलयुगी बेटे की हैवानियत! 85 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के ओझानगर गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में 85 वर्षीय बुजुर्ग शंकर गुप्ता के साथ कथित तौर पर उनके ही छोटे बेटे द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों में बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता देखने को मिल रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग शंकर गुप्ता के बड़े बेटे कैलाश ने आरोप लगाया है कि जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर छोटे भाई कुशल गुप्ता ने अपने ही पिता के साथ अमानवीय व्यवहार किया और उनकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि पूर्व में भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से घटना गंभीर रूप ले गई। मारपीट के बाद बुजुर्ग की हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर कमासिन थाने में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।