पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तेरहवीं कार्यक्रम में पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
फतेहपुर। भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को अपनी पत्नी सविता कोविंद और बेटी स्वाति कोविंद के साथ जिले के कल्यानपुर क्षेत्र के आदमपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्व. अमरजीत सिंह जनसेवक की पत्नी स्व. प्रमिला सिंह के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व राष्ट्रपति ने स्व. प्रमिला सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान परिवार के लोगों से मिलकर उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री स्व. अमरजीत सिंह जनसेवक के निधन के समय पूर्व राष्ट्रपति किसी कारणवश उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। अब उनकी पत्नी स्व. प्रमिला सिंह के निधन की जानकारी मिलने के बाद वह आदमपुर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट रहा। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। वीवीआईपी ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मी और जवान कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के प्रमुख स्थानों पर मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।