400 खिलाड़ियों की ताकत और टीमवर्क से गूंजा संजौली मैदान
टग ऑफ वॉर चैंपियनशिप में प्रदेशभर की टीमों ने दिखाया दम, पुंदर अकादमी बनी ओवरऑल चैंपियन
शिमला, 30 अगस्त। एसपीएम ग्राउंड संजौली में रविवार को एचपी स्टेट ओपन टग ऑफ वॉर आउटडोर चैंपियनशिप का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। दो दिन तक चले इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर खेल के प्रति बढ़ते उत्साह का परिचय दिया। मैदान में खिलाड़ियों के बीच जोर-आजमाइश के साथ टीमवर्क, अनुशासन और रणनीति की भी कड़ी परीक्षा हुई।
समापन समारोह में टग ऑफ वॉर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष सुनील वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि टग ऑफ वॉर ऐसा खेल है, जिसमें व्यक्तिगत ताकत के साथ पूरी टीम का तालमेल जीत की सबसे बड़ी कुंजी होता है। प्रदेश के युवाओं में इस खेल के प्रति बढ़ती रुचि उत्साहजनक है।
प्रतियोगिता के अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में मडावग और बॉयज वर्ग में शिमला ने खिताब अपने नाम किया। अंडर-19 गर्ल्स और बॉयज दोनों वर्गों में पुंदर अकादमी विजेता रही। सीनियर पुरुष वर्ग में देहा और सीनियर महिला वर्ग में शिमला क्वींस ने पहला स्थान हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल विनर ट्रॉफी पुंदर अकादमी के नाम रही।
एसोसिएशन के महासचिव रमेश चौहान ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रदेश में टग ऑफ वॉर के बढ़ते आधार का पता चलता है।