पुनरधार में अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज
नोहराधार ब्लॉक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुनरधार में अंडर-19 छात्रा वर्ग की चार दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। प्रतियोगिता में 9 स्कूलों की करीब 120 छात्रा खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं और विभिन्न खेलों में अपना दमखम दिखाएंगी।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं के बीच कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन और योगा सहित विभिन्न स्पर्धाओं में मुकाबले होंगे। उद्घाटन समारोह में बीडीसी सदस्य जोगिंदर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर खेल प्रतियोगिता प्रभारी डीपी मधु पुंडीर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ उन्हें बेहतर मंच, प्रशिक्षण और अवसर देने की। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
चार दिवसीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।