दस्तक अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई विटामिन-ए एवं आयरन सिरप की खुराक
---
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित जिला अस्पताल टीकमगढ़ में आज दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कृष्ण मोहन वरुण ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक एवं आयरन सिरप पिलाकर किया।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कृष्ण मोहन वरुण ने बताया कि दस्तक अभियान का मुख्य उद्देश्य 5 वर्ष तक के बच्चों में कुपोषण, एनीमिया तथा अन्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी तथा आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग करें तथा अपने बच्चों को अभियान के अंतर्गत उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अवश्य दिलायें।
कार्यक्रम में एविडेंस एक्शन इंडिया के क्षेत्रीय समन्वयक हुसैन खान ने अभियान के प्रभावी संचालन में सहयोग प्रदान किया। शुभारंभ कार्यक्रम में चंद्रशेखर तिवारी, प्रभारी वैक्सीन स्टोर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से दस्तक अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी पात्र बच्चों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
40 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026