23 किलोमीटर सेलिंग के बाद टीबी मुक्त भारत की जागरूकता रैली
गोविंद सागर झील में आयोजित ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ के तीसरे दिन एनसीसी कैडेट्स ने 23 किलोमीटर की सेलिंग पूरी कर नौकायन कौशल, साहस, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। कैडेट्स ने चांदपुर से ऋषिकेश होते हुए भराड़ी पुल तक नौकायन किया। प्रशिक्षकों की देखरेख में उन्होंने जल परिस्थितियों के अनुरूप नाव संचालन और आपसी समन्वय के गुर सीखे।
सेलिंग के बाद कैडेट्स राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश पहुंचे, जहां ‘टीबी मुक्त भारत’ के संदेश के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। स्थानीय विद्यालय के कैडेट्स और विद्यार्थियों ने भी इसमें भाग लिया। रैली के माध्यम से टीबी के लक्षण, समय पर जांच, उपचार और बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. केएस चंदेल और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर दीपिका ने कैडेट्स से संवाद कर टीबी की रोकथाम और उपचार संबंधी जानकारी दी। कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य कैडेट्स को साहसिक गतिविधियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी के लिए भी तैयार करना है। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य शशि पाल चौहान, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर अब्दुल मजीद, सब लेफ्टिनेंट सुरेश कुमार और चीफ इंस्ट्रक्टर धीरज राठौर मौजूद रहे।
Dharmpur, Mandi | Sep 10, 2026