#सेवा_संकल्प_अभियान
-
कहानी बदलाव की
--
प्रधानमंत्री आवास योजना ने साकार किया पक्के घर का सपना
---
कच्चे मकान की परेशानियों से मिली मुक्ति, पक्का आशियाना पाकर खुशहाल हुआ पाडल्या का सोहन का परिवार
----
ग्राम पाडल्या निवासी श्री सोहन पिता थावरिया के लिए पक्का घर कभी एक सपना था। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले सोहन का परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। पत्नी गृहिणी हैं तथा दोनों बच्चे, जिनमें बड़ा बेटा 12 वर्ष और छोटी बेटी 10 वर्ष की है, स्कूल में अध्ययनरत हैं।
कच्चे मकान में रहने के दौरान सोहन और उनके परिवार को वर्षा ऋतु में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। छत से पानी का रिसाव होने के कारण परिवार को बारिश के दिनों में काफी दिक्कत होती थी। वर्षभर मकान की स्थिति के कारण परिवार को असुविधाओं के बीच जीवनयापन करना पड़ता था। मजदूरी से होने वाली सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण ही प्राथमिकता थी, ऐसे में पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था।
सोहन ने अपने पक्के मकान के सपने को पूरा करने के लिए ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में अपना नाम दर्ज कराया। इसके बाद उनका नाम आवास प्लस सूची में शामिल हुआ। ग्राम पंचायत सचिव ने जब सोहन को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास स्वीकृति के लिए उनका नंबर आने की जानकारी दी, तो सोहन और उनका परिवार खुशी से भर गया। उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो रहा था कि उनका पक्के घर का सपना अब सच होने जा रहा है।
सोहन ने बिना देर किए आवश्यक दस्तावेज ग्राम पंचायत में जमा कराए और अपना पंजीयन कराया। इसके बाद वर्ष 2024-25 में उनका आवास स्वीकृत हुआ। योजना के माध्यम से मिले सहयोग से उनके परिवार के पक्के मकान का निर्माण पूरा हुआ और आज सोहन अपने परिवार के साथ सुरक्षित एवं पक्के आशियाने में रह रहे हैं।
सोहन बताते हैं कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका अपना पक्का घर इतनी जल्दी बन पाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उनके इस सपने को साकार कर उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया है। पक्का मकान मिलने से परिवार को कच्चे घर की परेशानियों से मुक्ति मिली है और बच्चों के लिए भी बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिला है।
अपने पक्के घर के सपने के साकार होने पर श्री सोहन एवं उनके परिवार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। सोहन का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके जैसे जरूरतमंद परिवारों के लिए केवल मकान नहीं, बल्कि सुरक्षित आशियाने और सम्मान के साथ जीवन जीने का आधार बनी है।
#SevaSankalpAbhiyan
Jansampark Madhya Pradesh
15 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026