शराब के खिलाफ महिलाओं का संग्राम, लाठी-डंडे पत्थर से पुलिस बल और आबकारी टीम पर हमला,,
पहले लाठीचार्ज से भड़का आक्रोश, अमोल गांव में पुलिस-आबकारी टीम को भागकर बचानी पड़ी जान।
शिवपुरी। जिले में शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश अब उग्र रूप लेने लगा है। अमोला थाना क्षेत्र के अमोल गांव में गुरुवार को शासकीय शराब दुकान बंद कराने पहुंचीं महिलाओं और पुलिस-आबकारी टीम के बीच विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। स्थिति बिगड़ने पर महिलाओं ने लाठी-डंडे उठा लिए और पुलिस व आबकारी कर्मचारियों पर पथराव करते हुए उन्हें दौड़ा दिया। भीड़ के बढ़ते आक्रोश के बीच पुलिसकर्मियों को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान स्कूल, हनुमान मंदिर और अस्पताल के नजदीक संचालित हो रही है। उनका कहना है कि दुकान की आड़ में गांव में कच्ची और अवैध शराब की बिक्री भी हो रही है। महिलाओं ने दुकान हटाने की मांग की। इसी दौरान पुलिस द्वारा कुछ प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किए जाने के बाद हालात और बिगड़ गए।
उधर, भौंती थाना क्षेत्र के मनपुरा में भी महिलाओं ने शराब के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने शराब की पेटियां बाहर निकालकर बोतलें सड़क पर फोड़ दीं और पैदल मार्च करते हुए भौंती थाने के सामने विरोध जताया।