संतकबीरनगर में 29.78 लाख पौधों का महाअभियान, 'एक पेड़ माँ के नाम' से गूंजा पूरा जनपद
संतकबीरनगर, 12 जुलाई। जनपद में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत ऐतिहासिक अभियान चलाया गया। विकासखंड बघौली के ग्राम बरईपार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी ने पवित्र हरिशंकरी (पीपल, पाकड़ और बरगद) का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की थीम "एक पेड़ माँ के नाम" रही।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।मुख्य अतिथि श्रीमती चारु चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन के हर शुभ अवसर और त्योहार पर कम से कम एक पौधा "माँ के नाम" अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि "वृक्ष लगाना सेवा है और उसकी रक्षा करना साधना है।"उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर में एक दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में संतकबीरनगर ने भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। जनपद में विभिन्न विभागों के सहयोग से 29.78 लाख पौधों का रोपण किया गया भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि जिस तरह माँ अपने बच्चों की देखभाल करती है, उसी तरह लगाए गए पौधों की सुरक्षा भी हम सभी का दायित्व है।मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देना है तो प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा।जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं नागरिकों को आम, सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपहार स्वरूप वितरित किए गए।जनपद के सभी तहसीलों, विकासखंडों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य सरकारी संस्थानों में भी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत व्यापक पौधारोपण किया गया।कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, जिला पंचायत सदस्य ई. हनुमान कनौजिया, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, बीडीओ बघौली अर्जित प्रकाश, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Jul 12, 2026