मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्टर सभा कक्ष में मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पंचायत रतलाम द्वारा संचालित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र का प्रस्तुतीकरण जिला परियोजना प्रबंधक श्री जय प्रकाश सिंह चौहान द्वारा जिले के समस्त अधिकारियों के समक्ष किया गया।
प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि आजीविका मिशन द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकताओं की पूर्ति तथा विभागीय प्रशिक्षण केंद्र के रूप में जिले की प्रशिक्षण आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। यह केंद्र राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्रों को सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ जिला स्तरीय प्रशिक्षण गतिविधियों के संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों के प्रशिक्षण कार्यक्रम उक्त प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित करें, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
प्रशिक्षण केंद्र में 100 प्रशिक्षणार्थियों के लिए सर्वसुविधायुक्त एक दिवसीय प्रशिक्षण हॉल तथा 40 व्यक्तियों के लिए आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। केंद्र में पुस्तकालय, एलईडी प्रोजेक्टर, माइक सिस्टम, व्हाइट बोर्ड, स्टेशनरी, बायोमेट्रिक डिवाइस, स्वच्छ एवं शुद्ध भोजन व्यवस्था, सर्वसुविधायुक्त रसोईघर, स्वच्छ शौचालय तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था उपलब्ध है। यह केंद्र महिलाओं के लिए पूर्णतः सुरक्षित परिसर के रूप में विकसित किया गया है।
आवासीय प्रशिक्षण के लिए प्रति प्रतिभागी प्रतिदिन 534 रुपये शुल्क निर्धारित है, जिसमें आवास, दोनों समय का भोजन, सुबह की चाय, नाश्ता, दिन में दो बार चाय-बिस्किट, प्रशिक्षण के फोटो, प्रमाण-पत्र, पैड, पेन एवं फोल्डर की सुविधा शामिल है। वहीं गैर-आवासीय प्रशिक्षण के लिए प्रति प्रतिभागी प्रतिदिन 294 रुपये शुल्क निर्धारित है, जिसमें सुबह की चाय, नाश्ता, दो बार चाय-बिस्किट, दोपहर का भोजन, पैड, पेन एवं फोल्डर उपलब्ध कराया जाता है। अतिरिक्त आवश्यकताओं की मांग किए जाने पर उपलब्ध सुविधाएं अतिरिक्त शुल्क के साथ प्रदान की जा सकती हैं।
प्रशिक्षण केंद्र की ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल https://mpsrlm-cmtc.mp.gov.in/center-details/27 के माध्यम से की जा सकती है। इसके अलावा जिला पंचायत एवं जिला आजीविका मिशन कार्यालय में पत्र भेजकर भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए आरक्षण कराया जा सकता है। अधिक जानकारी हेतु जिला परियोजना प्रबंधक श्री जय प्रकाश सिंह चौहान (मो. 8349901501) तथा जिला प्रशिक्षण केंद्र प्रभारी श्री अभिलाष कुमार सोनी (मो. 8349901323) से संपर्क किया जा सकता है।
#JanSampark #ratlam