✅ मेरा युवा भारत के तत्वावधान में संविधान दिवस पर आयोजित हुआ ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर गुरूवार को लॉ कॉलेज विधि महाविद्यालय, हरदा में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत हरदा की युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प, भारतीय संविधान के मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘विकसित भारत@2047’ रहा। इसका उद्देश्य युवाओं को भारत की विकास यात्रा से जोड़ना, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से अवगत कराना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नरोत्तम भार्गव के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मेरा युवा भारत हरदा की युवा अधिकारी सुश्री मित्तल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह आयोजन देशभर में संचालित एक राष्ट्रव्यापी पहल का हिस्सा रहा, जिसके माध्यम से मेरा युवा भारत युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श, सार्थक संवाद और सकारात्मक सहभागिता के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम में ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर विशेष प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की विकास यात्रा और भविष्य के भारत की परिकल्पना से अवगत कराया गया। इसमें गरीबी उन्मूलन, सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन, वामपंथी उग्रवाद (नक्सलवाद) के विरुद्ध देश की उपलब्धियों तथा स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला गया।
वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को युवाओं की व्यक्तिगत क्षमता, पारिवारिक खुशहाली और सामाजिक विकास के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं से अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में यूथ आइकॉन श्री वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने ‘विकसित भारत और भारतीय संविधान’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत का संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध कराता है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करके ही एक सशक्त, समरस और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का विकसित भारत आज के युवाओं के संकल्प, परिश्रम, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता से ही साकार होगा।
इसी क्रम में स्पोर्ट्स पर्सन सुश्री शीतल चौहान ने खेलों के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की शक्ति विकसित करते हैं। स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के साथ युवा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री प्रकाशचंद्र टाक, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव श्री नवनीत लाल पटेल, पी.एम. श्री स्वामी विवेकानंद कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी श्री बी.के. बिछोदिया, स्वामी विवेकानंद कॉलेज हरदा के पूर्व प्राचार्य श्री एल.एन. पाराशर, प्राचार्य स्वामी विवेकानन्द कॉलेज हरदा श्री राजेश गौर, वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती गीता पांडे तथा हिंदी के प्रोफेसर श्री बसंत राजपूत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अनुभवी एवं विशिष्ट अतिथियों से सीधे संवाद करने, उनके विचारों और अनुभवों को जानने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
आयोजन को सफल बनाने में मेरा युवा भारत हरदा के वालंटियर्स श्री राहुल देदड़ तजपुरा, श्री मयंक शर्मा, श्री शुभम ढोके, सुश्री कनक सोलंकी, सुश्री लिषिका काले, श्री गौतम बैरागी, श्री राकेश पीपलोदे, श्री हर्ष चतुर्वेदी, श्री सक्षम सोलंकी एवं श्री राज पाराशर सहित बड़ी संख्या में युवा साथियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन भारतीय संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने के संदेश के साथ हुआ।
Jansampark Madhya Pradesh
#SamvidhanDiwas #ViksitBharat2047 #MYBharat #MeraYuvaBharat #Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Nov 26, 2026