*मुहर्रम पर शांति व्यवस्था: सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस का फ्लैग मार्च*
*गांधीनगर में ताजियादारों से की सीधी वार्ता, बोले - गाइडलाइन का पालन करें, शरारती तत्वों पर होगी सख्ती*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 17 जून 2026 । आगामी त्योहार मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को *क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी* ने कमान संभालते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मोतीचंद व भारी पुलिस फोर्स के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
*सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी* के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांधीनगर कस्बे में ताजिया रखने वाले ताजियादारों से सीधी वार्ता की। इस दौरान *सीओ तिवारी* ने सरकार की गाइडलाइन से अवगत कराते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले शरारती व अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध प्रभावी व कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान *सीओ सदर* ने खुद पैदल गश्त कर कस्बे का जायजा लिया और जनता के बीच सुरक्षा का संदेश दिया। रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया तथा बिना नंबर प्लेट के वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कराई गई।
फ्लैग मार्च में कोतवाली क्षेत्र के सभी चौकी प्रभारी तथा चीता मोबाइल टीम भी शामिल रही। *सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी* की सक्रियता से स्थानीय लोगों में त्योहार को लेकर सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
*हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Jun 17, 2026