*कप्तानगंज में पति-पत्नी विवाद सुलझाने पहुंची पीआरबी टीम के पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल*
*एसपी ने किया निलंबित, सीओ कलवारी बोले - जांच में तथ्यों के आधार पर होगी कड़ी कार्रवाई*
जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 18 जून 2026
*कप्तानगंज।* थाना क्षेत्र के ग्राम भरवलिया में पति-पत्नी के विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरबी 112 टीम के एक पुलिसकर्मी पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
*क्या है मामला*
दिनांक 17.06.2026 को थाना कप्तानगंज के ग्राम भरवलिया से 112 पर पति-पत्नी के विवाद की सूचना मिली थी। सूचना पर पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि विवाद सुलझाने के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें पुलिसकर्मी एक व्यक्ति के साथ हाथापाई करता दिख रहा है।
*सीओ कलवारी ने दी जानकारी*
मामले में *क्षेत्राधिकारी कलवारी* ने बताया कि "17 जून 2026 को थाना कप्तानगंज के ग्राम भरवलिया में पति-पत्नी के विवाद की सूचना पर शिकायतकर्ता द्वारा 112 पर सूचना दी गई थी। सूचना पर 112 पीआरबी मौके पर गई थी। वहां वाद-विवाद हो रहा था। इस दौरान वाद-विवाद को समझाते समय सिपाही उत्तेजित हो गया और शिकायतकर्ता से मारपीट करने लगा।"
*सीओ कलवारी* ने आगे कहा कि "इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह जांच का विषय है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। थाना कप्तानगंज प्रभारी को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है।"
*निलंबन के बाद जांच शुरू*
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की विभागीय जांच प्रचलित है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
*हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Jun 18, 2026