सांप के डंसने से पति-पत्नी की मौत, चार बच्चे अनाथ
गयाजी। परैया प्रखंड के प्रभुआ गांव में सर्पदंश से पति-पत्नी की मौत हो गई। जहरीले गेहूंअन सांप ने बिस्तर पर तकिए के पास छिपकर दोनों को डंस लिया।मृतकों की पहचान राजमिस्त्री मुन्ना प्रजापति और उनकी पत्नी सुषमा देवी के रूप में हुई। सोमवार रात करीब 12 बजे घटना हुई। दोनों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार रात ही मुन्ना की मौत हो गई, जबकि 36 घंटे तक अचेत रहीं सुषमा ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया।दंपति के पीछे तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया। घटना से गांव में मातम पसरा है। पूर्व विधायक विनय यादव, प्रमुख जितेंद्र नारायण यादव, जिला परिषद सदस्य सरिता कुमारी समेत जनप्रतिनिधियों ने शोक जताया है।