आज मद्यनिषेध विभाग, बांका द्वारा जब्त कुल 83 कांडों में बरामद 10,372.615 लीटर शराब का विनष्टीकरण मद्यनिषेध विभाग के कार्यालय परिसर, महेशाडीह, बांका में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की उपस्थिति में विभागीय निर्देशों के अनुरूप किया गया। विनष्टीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
विनष्टीकरण के दौरान 865.100 लीटर देशी शराब एवं 9,507.515 लीटर विदेशी शराब को नष्ट किया गया। बरामद विदेशी शराब का अनुमानित मूल्य ₹1,14,00,000 तथा देशी शराब का अनुमानित मूल्य ₹2,60,000 है। इस प्रकार विनष्ट की गई शराब का कुल अनुमानित मूल्य ₹1,16,59,500 है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिले के तीनों चेकपोस्ट—भलजोर चेकपोस्ट (बौंसी–हंसडीहा रोड, भलजोर के समीप), दर्दमारा चेकपोस्ट (कटोरिया–देवघर रोड, दर्दमारा, थाना चान्दन के समीप) एवं फत्तुचक चेकपोस्ट (धोरैया–बसंतराय (गोड्डा) रोड, फत्तुचक, थाना धोरैया के समीप)—पर तीनों पालियों में 24×7 वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, मद्यनिषेध विभाग के अंतर्गत संचालित मद्यनिषेध थाना, सदर बांका एवं मद्यनिषेध थाना, कटोरिया को भी लगातार छापेमारी एवं जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मद्यनिषेध कार्यालय तक जाने वाली सड़क की स्थिति खराब पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
वर्तमान में शराब का विनष्टीकरण कार्यालय परिसर में किए जाने के कारण जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में कार्यालय परिसर के बाहर सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान पर शराब के विनष्टीकरण के साथ-साथ मद्यनिषेध विभाग द्वारा जब्त किए जाने वाले वाहनों के सुरक्षित रख-रखाव की भी समुचित व्यवस्था की जा सके।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने मद्यनिषेध कार्यालय जाने वाले मार्ग पर आवश्यक साइनेज (Signage) स्थापित कराने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को कार्यालय तक पहुँचने में सुविधा हो तथा आवश्यक सूचनाएँ एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सके।
Banka, Bihar | Aug 6, 2026