जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में भूमि एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिले की गैर मजरूआ भूमि पर अवैध रूप से कायम सभी जमाबंदियों की पहचान कर मिशन मोड में विशेष अभियान चलाया जाए। सभी अंचल अधिकारियों को अवैध जमाबंदी रद्द करने का प्रस्ताव शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, बांका एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता, बांका को प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि जमाबंदी रद्दीकरण से प्राप्त होने वाली भूमि का विवरण संकलित कर लैंड बैंक तैयार किया जाए, ताकि भविष्य की विकासात्मक योजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा सके।
जिला पदाधिकारी ने आपदा से संबंधित लंबित अनुग्रह अनुदान के समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया कि अंचलवार लंबित मामलों एवं अभिलेखों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभिलेखों का निष्पादन एवं त्वरित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें । जिला पदाधिकारी ने सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को लंबित अभिलेखों का निरंतर अनुश्रवण करने तथा अनुग्रह अनुदान भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Banka, Bihar | Aug 6, 2026