*बस्ती, 27 नवंबर 2026* पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आज अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
'बस्ती खेल संगम एवं मैराथन' प्रतियोगिता के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में *यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी* ने बच्चों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के महत्व को समझाया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी और इसके कानूनी व सुरक्षा पहलुओं से अवगत कराया।
इसके बाद उपस्थित सभी प्रतिभागियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिजनों एवं आस-पास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर यातायात पुलिस के कर्मचारीगण, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*संवाददाता - हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Nov 27, 2026