तीज महोत्सव पर फूलों से सजे भोलेनाथ, गूंजे जयकारे
ओम श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, रातभर भजन-कीर्तन से भक्तिमय रहा वातावरण
गोटेगांव। गुरु नानक वार्ड में स्थित प्रसिद्ध ओम श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में तीज महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर में की गई विशेष साज-सज्जा और भगवान भोलेनाथ के ऊपर फूलों से बनाया गया फुलैरा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। फूलों से सजी यह अद्भुत छटा मंदिर परिसर की सुंदरता को और बढ़ा रही थी।
तीज महोत्सव को लेकर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंचे और पूजा-अर्चना कर जयकारे लगाए। महिलाओं ने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रत रखकर भगवान शिव का पूजन किया।
रातभर चला भजन-कीर्तन
मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा। रातभर भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा, जिसमें महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने रातभर भगवान भोलेनाथ की सेवा और आराधना की। मंदिर परिसर में गूंजते भजनों और भोलेनाथ के जयकारों से पूरा गुरु नानक वार्ड भक्तिमय नजर आया।
दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
गुरु नानक वार्ड का ओम श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर नगर के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में शुमार है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर में विशेष अवसरों पर नगर सहित दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं।
पति की लंबी आयु के लिए रखा तीज व्रत
तीज का व्रत महिलाओं द्वारा पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए रखा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या और व्रत किया था। इसी परंपरा के चलते महिलाएं श्रद्धा के साथ तीज का व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। कई महिलाएं यह व्रत निर्जला रखती हैं। तीज के अवसर पर नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भी महिलाओं की विशेष भीड़ रही और पूरे दिन श्रद्धा एवं आस्था का माहौल बना रहा।
कैलाश गुप्ता नई दुनिया मो 9329446506
Mahendra Nagesh Nagar Palika Parishad Gotegaon Kanchhedi Patel Govind Kahar