पीएनडीटी एक्ट की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएमओ ने तीन अल्ट्रासाउंड और अधिकृत एमटीपी केंद्रों का किया निरीक्षण
लोहारू। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीएनडीटी एक्ट की पालना को लेकर बुधवार को नगर में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य के निर्देशानुसार उपमंडल नागरिक अस्पताल लोहारू के प्रभारी एसएमओ डॉ. ओमप्रकाश डूडी ने नगर के तीन अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध रिकॉर्ड, दस्तावेजों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर दस्तावेज एवं व्यवस्थाएं नियमानुसार पाई गईं।
एसएमओ डॉ. डूडी ने केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि पीएनडीटी एक्ट के सभी नियमों और प्रावधानों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निर्धारित रिकॉर्ड का सही तरीके से संधारण किया जाए तथा एक्ट के तहत आवश्यक सूचनाओं को प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रूण लिंग जांच पूरी तरह प्रतिबंधित है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पीएनडीटी एक्ट का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाना और बेटियों के संरक्षण को सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा अधिकृत एमटीपी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र संचालकों से संबंधित रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों की जांच की तथा एमटीपी से जुड़े कार्यों में निर्धारित कानूनी प्रावधानों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. डूडी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर अल्ट्रासाउंड और एमटीपी केंद्रों का निरीक्षण किया जाता रहेगा। निरीक्षण का उद्देश्य नियमों की पालना सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर नियमों की अवहेलना या अनियमितता सामने आने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सीनियर स्टोर इंचार्ज अमित वालिया भी विभागीय टीम के साथ मौजूद रहे।