अहिल्यापुर: वन विभाग ने श्मशान घाट रास्ता बंद किया, ग्रामीण आक्रोशित
गांडेय (गिरिडीह): अहिल्यापुर के दास टोला में वन विभाग द्वारा पुश्तैनी श्मशान घाट के रास्ते को ट्रेंच काटकर बंद किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस कारण अंतिम संस्कार के समय शव को श्मशान घाट तक ले जाने में ग्रामीणों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने मंगलवार को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से समस्या की जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग की इस कार्रवाई को ग्रामीणों के बुनियादी अधिकारों पर हमला बताया और प्रशासन से पुराने रास्ते को तुरंत बहाल करने की मांग की। राजेश यादव ने चेतावनी दी कि यदि रास्ता जल्दी नहीं खोला गया तो ग्रामीण सड़क पर उतरेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और वन विभाग की होगी। इस मौके पर पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मेहताब अली मिर्जा और अन्य स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे।