पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित कोड़ाडीह मैदान में रविवार को कुड़मी समाज का ‘करम परबतीया महा जड़ूआही’ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
महाजुटान को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने शिक्षा, आर्थिक विकास, सामाजिक जागरूकता और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों और नेतृत्व की भूमिका में आगे आने की अपील की।
सुदेश महतो ने कहा कि कुड़मी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज की पहचान, भाषा और अधिकारों से जुड़े मुद्दे केंद्र सरकार के समक्ष रखे गए हैं।
सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए उन्होंने एसटी, एससी, ओबीसी और अन्य सभी समुदायों के साथ सम्मान, सहयोग और भाईचारा मजबूत करने की बात कही।
कार्यक्रम में तीन राज्यों से पहुंचे लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच महाजुटान में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
#KurmiSamaj #SudeshMahto #PuruliaNews #KaramParab #KurmiMahajutaan #JharkhandNews #WestBengalNews #OdishaNews #AJSU #Jharkhand #SocialUnity #KaramFestival #LoktantraBharat
Bariyatu, Latehar | Sep 20, 2026