सिल्ली में धूमधाम से मना आखड़ाय करम महोत्सव, मांदर की थाप पर थिरके सुदेश महतो
सिल्ली स्टेडियम में शनिवार को विधानसभा स्तरीय आखड़ाय करम महोत्सव का आयोजन किया गया। करम अखाड़ा समिति के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। मांदर, ढोल-नगाड़ों और करम गीतों से पूरा स्टेडियम उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। सुदेश महतो ने ग्रामीणों के साथ करम नृत्य में हिस्सा लिया और कार्यक्रम का उत्साह बढ़ाया।
महोत्सव को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि करम पर्व झारखंड की संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक एकता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और लोककला से जुड़े रहने की अपील की। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों की पारंपरिक संस्कृति को ऐसे आयोजनों के जरिए नई पहचान मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान सुदेश महतो के साथ चंद्र प्रकाश चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक लंबोदर महतो सहित अन्य अतिथियों ने भी ग्रामीणों के साथ सामूहिक करम नृत्य किया। महिला, पुरुष और युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
आयोजन समिति के जयपाल सिंह ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में लोक कलाकार बुटन देवी, जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चित्तरंजन महतो, प्रमुख जितेंद्र नाथ बड़ाइक और अंतरराष्ट्रीय लॉन बॉल खिलाड़ी दिनेश महतो समेत कई लोग मौजूद रहे।
#KaramPuja #KaramParv #KaramMahotsav #Silli #SilliNews #SudeshMahto #JharkhandNews #JharkhandCulture #AdivasiCulture #JharkhandiCulture #KaramFestival #KaramDance #Mandar #JharkhandNewsToday #RanchiNews #LatestJharkhandNews #ViralNews #TrendingNews #LoktantraBharat