अररिया जिलाधिकारी ने अनुमंडल अस्पताल फारबिसगंज का किया निरीक्षण, साफ-सफाई में लापरवाही पर एजेंसी पर कार्रवाई
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा अनुमंडल अस्पताल, फारबिसगंज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में अस्पताल के विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान आपातकालीन विभाग, ओपीडी, दवा वितरण काउंटर, रजिस्ट्रेशन काउंटर, डेंटल ओपीडी, आई ओपीडी, महिला ओपीडी, टीकाकरण केंद्र, प्रसव कक्ष एवं MNCU (Maternal and Newborn Care Unit) सहित अन्य संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए साफ-सफाई का कार्य कर रही एजेंसी को कार्यमुक्त करने एवं वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं रहने के कारण अस्पताल प्रबंधक के वेतन पर रोक लगाने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नियमित रूप से इसकी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कायाकल्प कार्यक्रम के तहत अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता, मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिया। साथ ही, अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि सभी विभागों में साफ-सफाई एवं सुव्यवस्था बनाए रखें तथा मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Araria, Araria | Oct 15, 2026