प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति एवं अधिकाधिक लाभुकों को योजना से जोड़ने का दिया निर्देश*
आज दिनांक 11 जुलाई, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिड• वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के क्रियान्वयन, रूफटॉप सोलर स्थापना, बैंक ऋण, सोलर कैंडिडेट विलेज, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट तथा जिला स्तर पर गठित डेडिकेटेड सेल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यदायी एजेंसी द्वारा बताया गया कि Utility Led Aggregation (ULA) Model के अंतर्गत जिले की 41 पंचायतों का चयन किया गया है। योजना के तहत कुल 32,723 उपभोक्ताओं में से 3,163 बीपीएल उपभोक्ताओं के यहां रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 4 पंचायतों में स्थापना का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष सभी चयनित लाभुकों के यहां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सोलर संयंत्र स्थापित कर नियमित प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 132 उपभोक्ताओं के यहां रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, जीविका समूहों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करने तथा अधिकाधिक पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
*बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों द्वारा प्राप्त ऋण आवेदनों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में बताया गया कि कुल 137 ऋण आवेदनों में से 48 आवेदन स्वीकृत, 09 लंबित तथा 80 आवेदन विभिन्न कारणों से अस्वीकृत किए गए हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि अस्वीकृत आवेदनों की पुनः (Re-open) समीक्षा कर पात्र लाभुकों के आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। जिन आवेदनों में आवश्यक अभिलेखों की कमी है, उनमें लाभुकों से समन्वय स्थापित कर दस्तावेज प्राप्त करते हुए शीघ्र स्वीकृति की कार्रवाई करें। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि सभी लंबित एवं पुनः समीक्षा योग्य मामलों का निष्पादन कर 14 जुलाई, 2026 तक अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।*
बैठक में सोलर कैंडिडेट विलेज के चयन की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि चयनित ग्रामों का नियमानुसार अंतिम चयन कर उन्हें आदर्श सोलर ग्राम के रूप में विकसित किया जाए, ताकि जिले में स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल सके।
प्रधानमंत्री कुसुम योजना की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिले में स्वीकृत दो परियोजनाओं में से पखनपुरा 7.7 मेगावाट परियोजना का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण को जल्द शत प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया। दूसरी चरुई परियोजना में कार्य प्रारंभ नहीं होने पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभाग को अविलंब कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
बैठक में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट की स्थापना की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, लघु जल संसाधन विभाग एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी को उपयुक्त जलाशयों का चयन कर आवश्यक प्रस्ताव एवं प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए जिला स्तर पर डेडिकेटेड सेल का गठन किया गया है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिदिन समीक्षा कर लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा लाभुकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जीविका के प्रतिनिधि, कार्यदायी एजेंसी के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
5 views | Jehanabad, Bihar | Jul 11, 2026