बहराइच - रोज़गार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को विधायक नानपारा ने वितरित किये नियुक्ति पत्र
निजी क्षेत्र की 19 कम्पनियों द्वारा चयनित किये गये 536 अभ्यर्थी
बहराइच 08 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा विधानसभा क्षेत्र नानपारा अन्तर्गत लार्ड बुद्धा पी.जी. कॉलेज रूपईडीहा में आयोजित विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का मुख्य अतिथि विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने कालेज के प्रबन्धक विशिष्ट अतिथि डॉ. हरिश्चन्द्र व अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर रोजगार मेले का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार द्वारा मंचासीन अतिथियांे को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी अभ्यर्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। छोटे-छोटे उद्योग भी मेहनत एवं लगन के बल पर बड़े उद्योगों व उपक्रमों में परिवर्तित हो जाते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, जिससे रोजगार प्राप्त करने में आसानी हो सके। उन्होंने विदेशों में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के अतिरिक्त किसी निजी एजेंसी के माध्यम से जाने से बचने की भी सलाह दी।
रोज़गार में प्रतिभाग करने वाली निजी क्षेत्र की 19 प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा 536 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। मुख्य अतिथि श्री वर्मा ने अन्य अतिथियों के साथ चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दी। विशिष्ट अतिथि डॉ. हरिश्चन्द्र ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों से प्रतिभागी कम्पनियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने तथा अपना रिज्यूम जमा कर रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। रोज़गार मेले के अन्त में जिला सेवायोजन अधिकारी ने मेले के उद्देश्य, प्रतिभागी नियोजकों तथा विभाग द्वारा संचालित पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए सभी आगन्तुकों, प्रतिभाग करने वाली कम्पनियों तथा उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन ए.पी. श्रीवास्तव द्वारा किया गया। रोज़गार मेले में प्रतिभाग करने वाले 01 हज़ार से अधिक अभ्यर्थियों का प्रतिभाग करने वाली 19 कम्पनियों द्वारा साक्षात्कार कर 536 का चयन किया गया। इस अवसर पर लार्ड बुद्धा पी.जी. कॉलेज के यशपाल सिंह, डॉ. तारिक, वरिष्ठ शिक्षक मनीराम शर्मा सहित गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक तथा सेवायोजन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
Mahasi, Bahraich | Oct 8, 2026