#भरतपुर। वैर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ललिता मूडिया में सत्र 2026-27 की 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता (खो-खो एवं योगासन, 17/19 वर्ष छात्र/छात्रा) का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसीबीईओ बबलू गुर्जर रहे, जिन्होंने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में प्रतियोगिता संयोजक व प्रधानाचार्य निर्भय सिंह जाट तथा उपप्रधानाचार्य मुख्तयार सिंह गुर्जर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस दौरान रायपुर के प्रधानाचार्य निर्भय सिंह गुर्जर, न्यामदपुर के प्रधानाचार्य जगदीश मीणा, भूतौली के प्रधानाचार्य रामरतन सहित क्षेत्र के अनेक संस्थाप्रधान मौजूद रहे। समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत किया और योगासन की आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि बबलू गुर्जर ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की सीख देते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं। प्रधानाचार्य निर्भय सिंह जाट ने बताया कि 23 से 26 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले भर की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनके लिए आवास, भोजन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।