#भरतपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा रॉकेट लर्निंग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नदबई ब्लॉक के शहर व ग्रामीण सेक्टर की 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्रथम चरण का ईसीसीई क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया। आईसीडीएस उप निदेशक सिकमाराम चोयल ने बताया कि जिला समन्वयक प्राची चौधरी व आकाश तथा सुपरवाइजर निशा अग्रवाल व उमा देवी के निर्देशन में कार्यकर्ताओं को खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, बाल मनोविज्ञान और विद्यालय पूर्व शिक्षा की तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कागज के गिलासों से टावर बनाने की गतिविधि के जरिए समझाया गया कि जैसे टावर की मजबूती नींव पर टिकी होती है, वैसे ही शुरुआती वर्ष बच्चे के सर्वांगीण विकास का आधार होते हैं। साथ ही वास्तविक खाद्य सामग्री व चित्रों के माध्यम से अनुभव आधारित अधिगम की जानकारी देते हुए बताया गया कि बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान देने के बजाय देखने, छूने और स्वयं गतिविधि करने के अवसर देने चाहिए। प्रशिक्षण में पूनम देवी, सुमन कुमारी, कविता शर्मा, लक्ष्मी देवी सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।