अपर कलोहा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी से लदे दो वाहन पकड़े
हमीरपुर रेंज से लकड़ी लोड होने की मिली प्रारंभिक जानकारी, वैध परमिट न दिखाने पर दोनों वाहन कब्जे में लिए
प्रदीप ठाकुर / रक्कड़
अपर कलोहा में वन विभाग की टीम ने नियमित नाके और रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदे दो वाहनों को जांच के लिए रोककर अपने कब्जे में लिया है। विभागीय जांच के दौरान दोनों वाहनों में लोड लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध परमिट नहीं पाए गए।
जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को वन विभाग की टीम ने अपर कलोहा में नियमित नाके एवं रात्रि गश्त के दौरान दो वाहनों (HP90 6657 और HP 55C 1590) को जांच के लिए रोका। वाहनों की जांच के दौरान उनमें लकड़ी लोड पाई गई। जब वाहन चालकों से लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध परमिट प्रस्तुत करने को कहा गया तो वे कोई भी वैध परमिट नहीं दिखा सके।
प्रारंभिक पूछताछ एवं जांच में जानकारी मिली कि दोनों वाहनों में लोड लकड़ी हमीरपुर रेंज से लाई गई थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने दोनों वाहनों को विभागीय कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल दोनों वाहनों को वन निरीक्षण कुटीर, सदवां परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
यह कार्रवाई वन रक्षक बलदेव, वन रक्षक संदीप चौहान, वन रक्षक नीरज शर्मा तथा वन रक्षक राजीव कुमार की टीम द्वारा की गई। वन विभाग की ओर से मामले में नियमानुसार आगामी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
वन संपदा की सुरक्षा और अवैध लकड़ी के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से नियमित नाकाबंदी एवं गश्त जारी है।
Rakkar, Kangra | Nov 28, 2026