#नामांकन_के_दूसरे_दिन_चुनावी_रण_में_उतरे_14_प्रत्याशी !
15 नामांकन दाखिल... महिलाओं का दबदबा, 11 महिला और 3 पुरुष प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
#कांग्रेस के 4, #भाजपा के 5 और 5 #निर्दलीयों ने ठोकी ताल... टिकट के दावेदारों की बढ़ी धड़कनें
बिसाऊ। नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर बिसाऊ में सियासी पारा चढ़ने लगा है। 25 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन के दूसरे दिन ही चुनावी मैदान में हलचल तेज हो गई। पहले दिन नामांकन का खाता नहीं खुला, लेकिन दूसरे दिन 14 प्रत्याशियों ने 15 नामांकन दाखिल कर चुनावी रण में अपनी दावेदारी पेश कर दी।
शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक तहसील कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया चली। नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। भाजपा-कांग्रेस से जुड़े दावेदारों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मैदान में ताल ठोकते हुए अपने पर्चे दाखिल किए।
दूसरे दिन महिला प्रत्याशियों का दबदबा साफ नजर आया। कुल 14 प्रत्याशियों में 11 महिलाएं और केवल 3 पुरुष प्रत्याशी शामिल रहे। महिला निर्दलीय प्रत्याशी पिन्टू चौहान ने पहला नामांकन दाखिल कर दूसरे दिन नामांकन का खाता खोला।
किस पार्टी के कितने प्रत्याशी?
रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार पवन कुमार मीणा ने बताया कि दूसरे दिन कुल 15 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें कांग्रेस के 4, भाजपा के 5 और निर्दलीय 5 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। एक प्रत्याशी ने दो स्थानों से नामांकन पत्र दाखिल किया है।
टिकट की घोषणा नहीं... दावेदारों की बढ़ी धड़कनें
भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। ऐसे में दोनों ही प्रमुख दलों के टिकट के दावेदारों के बीच बेचैनी बढ़ती नजर आ रही है। किसका टिकट कटेगा और किसके सिर पर पार्टी का हाथ होगा—इसको लेकर बिसाऊ की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
टिकट की उम्मीद लगाए बैठे कई दावेदारों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई दे रही हैं। वहीं टिकट नहीं मिलने की आशंका के बीच कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किए जाने से आने वाले दिनों में मुकाबला और रोचक होने के आसार हैं।
विकास के मुद्दे पर मांगा समर्थन
नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य कस्बे का विकास, आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना और वर्षों से चली आ रही समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाना है।
19,402 मतदाता करेंगे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
बिसाऊ नगरपालिका के 25 वार्डों में कुल 19,402 मतदाता हैं। इनमें 10,138 पुरुष और 9,262 महिला मतदाता शामिल हैं। नगरपालिका चुनाव के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।
अब नजर अगले नामांकन दिनों पर है—क्योंकि जैसे-जैसे भाजपा और कांग्रेस अपने पत्ते खोलेंगी, वैसे-वैसे बिसाऊ की चुनावी तस्वीर भी साफ होती जाएगी।
#bissau #shekhawatiexpress #jhunjhunu #shekhawati #UpdateNews #RajasthanNews #BJP4IND #Congress #elections #नगरपालिका #चुनाव2026 #मतदाता