*मोकामा में सनसनीखेज वारदात! पत्नी की हत्या कर नदी में फेंका कंकाल, फिर गहने और छह लाख रुपये लेकर फरार होने की दर्ज कराई झूठी शिकायत*
मोकामा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की हत्या कर उसके शव को मुहाने नदी में फेंक दिया गया। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद पति ने खुद थाने पहुंचकर पत्नी के घर से गहने, छह लाख रुपये नकद और मोबाइल लेकर फरार होने की शिकायत दर्ज करा दी। लेकिन पुलिस की तफ्तीश में इस कथित फरारी के पीछे हत्या की खौफनाक कहानी सामने आ गई।
मामला घोसवरी थाना क्षेत्र के गोसाईं गांव का है। पुलिस के मुताबिक, गांव के जयराम यादव के पुत्र चंदन यादव ने 28 सितंबर 2026 को थाने में आवेदन देकर अपनी 25 वर्षीय पत्नी सीमा कुमारी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि सीमा घर से गहने, छह लाख रुपये नकद और मोबाइल लेकर भाग गई है।
लेकिन पुलिस जब मामले की तह तक पहुंची तो कहानी कुछ और ही निकली। अनुसंधान के दौरान गायब मोबाइल से नगरनौसा के एक पास्टर से बातचीत होने की जानकारी मिली। पास्टर से पूछताछ में सीमा की हत्या किए जाने का खुलासा हुआ।
इधर, पुलिस की जांच तेज होते ही पति चंदन यादव, ससुर जयराम यादव, सास और देवर कुंदन यादव घर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने चंदन के चाचा सिंटू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने सीमा की हत्या की बात स्वीकार की।
सिंटू यादव की निशानदेही पर पुलिस ने मुहाने नदी से सीमा कुमारी का कंकाल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने सिंटू यादव, उसकी पत्नी फूलो देवी, पास्टर नीरज कुमार और उसके दोस्त सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Barh, Patna | Nov 7, 2026