बिहार में सुबह-सुबह खूनी खेल: मॉर्निंग वॉक पर निकले बीजेपी नेता व ठेकेदार रामनरेश राय की 4 बदमाशों ने गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई सनसनीखेज वारदात।
वैशाली / हाजीपुर, 13 अगस्त 24NewsLive
बिहार में अपराधियों का मनोबल किस कदर बढ़ा हुआ है, इसकी बानगी एक बार फिर वैशाली जिले में देखने को मिली है। हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी नया टोला में सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले मशहूर ठेकेदार और हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए रामनरेश राय (49) की 4 नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी।
यह पूरी सनसनीखेज वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका दहला देने वाला फुटेज अब सामने आया है।
*CCTV में कैद हुई बेखौफ वारदात*
फुटेज में साफ दिख रहा है कि रोज की तरह वार्ड-26 निवासी रामनरेश राय दिग्घी पोखर के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे 4 अपराधियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड गोली लगने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, और बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
*इलाके में तनाव, एसपी मौके पर*
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में कोहराम और आक्रोश है। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं।
एसपी ने बताया - _"सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने ठेकेदार पर फायरिंग की है। CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है, अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।"_
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आपसी रंजिश या ठेकेदारी को लेकर विवाद मान रही है, हालांकि असली वजह गिरफ्तारी के बाद ही साफ होगी।
#VaishaliMurder #HajipurCrime #BiharCrime #RamNareshRai #CCTVFootage #BiharNews #24NewsLive