प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त द्वारा तरियानी प्रखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों तथा प्रखंड कार्यालयों का निरीक्षण; हिरम्मा बाजार को 'ग्रामीण हाट' के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल,
आज दिनांक 10.09.2026 को प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त (DDC), शिवहर द्वारा जिले के तरियानी प्रखंड कार्यालय तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित सरकारी विकासात्मक योजनाओं का सघन स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने तरियानी प्रखंड कार्यालय परिसर का दौरा किया। वहाँ उन्होंने मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी (PO) कार्यालय, बाल विकास परियोजना (CDPO) कार्यालय, आर.टी.पी.एस. (RTPS) काउंटर, अंचल अधिकारी (CO) कार्यालय, अंचल शाखा, आवास योजना अनुभाग, जनगणना गोदाम तथा प्रखंड कार्यालय स्थापना एवं नजारत शाखा का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों में पारदर्शिता बरतने तथा आम जनमानस की समस्याओं के ससमय निष्पादन का सख्त निर्देश दिया। साथ ही कार्यालयों को स्वच्छ एवं संचिकाओं को व्यवस्थित रखने का भी निर्देश दिया।
प्रभारी जिला पदाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत पोझियाँ का दौरा किया गया। पोझियाँ गाँव के रघुवंश नगर (वार्ड नं-07) में उन्होंने मनरेगा (MGNREGA) मद से संचालित योजनाओं की स्थलीय जाँच की। निरीक्षण के अगले चरण में उन्होंने हिरम्मा क्षेत्र का दौरा किया, जहाँ मदरसा अनवारुल उलूम हिरम्मा-2 में अध्यापन का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत उन्होंने हिरम्मा बाजार स्थित आजाद चौक का निरीक्षण किया। बाजार की वर्तमान स्थिति और स्थानीय ग्रामीणों की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए, प्रभारी जिला पदाधिकारी ने आज़ाद चौक, हिरम्मा बाजार को एक सुव्यवस्थित 'ग्रामीण हाट' के रूप में विकसित करने का महत्वपूर्ण आदेश सम्बंधित पदाधिकारियों को दिया। इस पहल से स्थानीय किसानों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीणों को अपने उत्पाद बेचने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्राप्त होगा, जिससे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।