हरियाणा के अटल टिंकरिंग लैब्स से जुड़े शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च, सेक्टर-26, चंडीगढ़ में शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में स्कूल शिक्षा विभाग, हरियाणा के प्रधान सचिव श्री विजय सिंह दहिया, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनआईटीटीटीआर के निदेशक श्री भोला राम गुर्जर तथा श्री स्वप्निल रविंद्र पाटिल, भी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम हरियाणा के अटल टिंकरिंग लैब वाले विद्यालयों के 40 शिक्षकों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के उभरते क्षेत्रों में आवश्यक व्यावहारिक एवं पेशेवर दक्षताओं से सशक्त बनाना है। पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रधान सचिव, स्कूल शिक्षा, हरियाणा, श्री विजय सिंह दहिया, ने तकनीक और नवाचार के तेजी से बदलते दौर में शिक्षकों को नई आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अटल टिंकरिंग लैब्स केवल उपकरणों और आधारभूत सुविधाओं तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के लिए रचनात्मकता, प्रयोग, समस्या-समाधान और नवाचार के सक्रिय केंद्र के रूप में विकसित हों।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग एवं कंप्यूटेशनल थिंकिंग, खगोल विज्ञान, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवाचार आधारित अधिगम तथा एटीएल सुविधाओं के प्रभावी उपयोग जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं अनुभव प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य शिक्षकों को विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित करने, परियोजनाओं पर कार्य करने, प्रोटोटाइप विकसित करने तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान करने में सक्षम बनाना है।
इस अवसर पर एनआईटीटीटीआर के निदेशक श्री भोला राम गुर्जर ने प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत करते हुए तकनीकी शिक्षा में व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक अधिगम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि उन्हें खोजने, प्रयोग करने और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करने वाले मार्गदर्शक भी हैं।
#chandigarhnews #panchkulanews #tricitynews #panchkulasocialmedia