दूध में शक्ति, नशे से मुक्ति का संदेश लेकर रोटी बैंक का सेवा अभियान निरंतर जारी
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने 28 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया नशा मुक्ति का संदेश और दूध एवं भोजन किया वितरित
कुरुक्षेत्र। रोटी बैंक द्वारा “दूध में शक्ति, नशे से मुक्ति” तथा “नशामुक्त जीवन प्रसन्न मन” के संदेश के साथ नशामुक्त हरियाणा और स्वस्थ हरियाणा के संकल्प को लेकर सेवा अभियान चलाया गया। रोटी बैंक पिछले अनेक वर्षों से निरंतर जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। आज प्रातःकाल श्रीकृष्ण आयुर्वेदिक अस्पताल, कुरुक्षेत्र में दूध की सेवा की गई। रोटी बैंक के प्रधान सेवक डॉ. अशोक कुमार वर्मा और अंकेक्षक डॉ. मीत मोहन सिंह ने उपचारधीन और उनके परिजनों को दूध और रस की सेवा प्रदान की। आयुर्वेदिक अस्पताल में 95 से अधिक लोग उपचार के लिए भर्ती हैं। रोटी बैंक के अंकेक्षक डॉ. मीत मोहन सिंह प्रतिदिन इस सेवा के लिए अमूल्य समय देते हैं। दूध रस की सेवा करते हुए डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि रोटी बैंक की स्थापना वर्ष 2017 में हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में हुई थी। रोटी बैंक के बैनर तले और रोटी बैंक के सौजन्य से इस पुनीत कार्य में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के नशामुक्त अभियान के अनुरूप लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने आज 28 किलोमीटर साइकिल चलाकर नशे के विरुद्ध सन्देश दिया और कहा कि “दूध शरीर को शक्ति देता है, जबकि नशा शरीर और समाज को क्षीण करता है। इसलिए दूध पीयें, नशे में न जीयें। अंकेक्षक डॉ. मीत मोहन सिंह ने कहा कि उन्हें इस सेवा से आत्मिक शांति का अनुभव होता है। इसके पश्चात नागरिक अस्पताल और ईंट भट्ठे पर भोजन वितरण किया गया।
------------